कांतिलाल कोथिम्बीर अपने मित्र गिन्नी के साथ प्रसन्न मुद्रा में

अकेला 

मुंबई के पूर्वी उपनगर मुलुंड के एक गुंडे बलबीरसिंह लाम्बा उर्फ़ गिन्नी (Balbirsingh Lamba alias Ginni) की कहानी कहती है कि अपराधियों के दिलोदिमाग से मुंबई पुलिस का भय बिल्कुल निकल गया है। गिन्नी ने एक बिजनेसमैन की हत्या के लिए दो शूटर भेजे। फिर उसे फोन करके बताया कि ये शूटर तुझे सात गोली मारेंगे। इतना ही नहीं बिजनेसमैन के फोटो के साथ अपना व्हाट्सप्प स्टेटस रख दिया R.I.P. (Rest In Peace)। बिजनेसमैन जब मुलुंड पुलिस स्टेशन एफआईआर करने गया तो एनसी सम्राट- वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक- कांतिलाल कोथिम्बीर (Kantilal Kothimbire, Senior Inspector of Police Station, Mulund) ने दर्ज की सिर्फ एनसी। 

मेट्रो ठेकेदार अमरदीपसिंह सैनी उर्फ़ लक्की (43) (Amardipsingh Saini alias Luckky) की शिकायत पर 28 दिसम्बर 2022 को कांतिलाल कोथिम्बीर ने बलबीरसिंह लाम्बा उर्फ़ गिन्नी के खिलाफ 501, 507 सेक्शन्स के तहत एनसी (संख्या 3277/2022) दर्ज की है।

गुंडे ने ग्रिल, खिड़की, दरवाजा तोड़कर 73 वर्षीय वृद्ध के घर पर कर लिया कब्ज़ा, मुलुंड पुलिस ने दर्ज की एनसी, वह भी अज्ञात के खिलाफ; क्योंकि गुंडे गिन्नी का सीनियर इंस्पेक्टर कांतिलाल कोथिम्बीर से है याराना और लेना-देना’ शीर्षक से एबीआई (abinet.org) ने 2 जनवरी 2023 को खबर प्रकाशित की थी। खबर के अनुसार गिन्नी ने 73 वर्षीय हरिश्चंद्र जियन्दाणी (Harishchandra Jiandani) के मुलुंड कॉलोनी, मुलुंड (पश्चिम) स्थित बंद घर पर कब्ज़ा कर लिया। कांतिलाल कोथिम्बीर ने इस मामले में एनसी दर्ज की। हरिश्चंद्र जियन्दाणी पुलिस उपायुक्त पुरुषोत्तम कराड (DCP Purushottam Karad) से मिले। पुरुषोत्तम कराड के निर्देश पर कांतिलाल कोथिम्बीर को गिन्नी के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करनी पड़ी।

एक जनवरी 2023 की मध्य रात्रि 1. 30 बजे गिन्नी ने लक्की को फोन कर बताया कि उसे मुलुंड पुलिस से मालूम पड़ा कि जियन्दाणी को तू ही गाइड कर रहा है। तूने ही उसे पुरुषोत्तम कराड के पास भेजा था। तू घर पर ही रुक। तुझे खत्म करने मैं अभी तेरे घर आ रहा हूँ। थोड़ी देर में गिन्नी ने फिर फोन कर बताया कि मेरे शूटर्स तेरे घर के नीचे पहुँच गए हैं। वे तुझे सात गोली मारेंगे। लक्की ने जब सीसीटीवी कैमरे में देखा तो सच में दो संदिग्ध उनके घर के पास मंडरा रहे थे। वे चहारदीवारी लांघकर घर में घुसने की कोशिश भी कर रहे थे। लक्की घबरा गए। उन्होंने पुलिस हेल्प लाइन नंबर-100 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। 100 नंबर वाली पुलिस भी महान निकली। उसने सलाह दी कि 112 नंबर पर कॉल करो। 100 नंबर वाली पुलिस नहीं आई। 

सुबह तो लक्की और उनके परिवार के लिए और पीड़ादायक गुजरा। उनके घर में कोहराम मच गया। रिश्तेदार, मित्र, संगी, साथी फोन कर-कर के पूछने लगे क्या हुआ ? कैसे हुआ ? कुछ तो घर के चक्कर लगा गए। भीड़ न देखकर वापस चले गए। बाद में मालूम पड़ा कि गिन्नी ने लक्की के फोटो को अपना व्हाट्सप्प स्टेटस रखा और फोटो के नीचे लिख दिया R. I. P.. उसे पूरी उम्मीद थी कि उसके शूटर लक्की को मारकर ही आएंगे। सुबह लक्की मुलुंड पुलिस स्टेशन एफआईआर करने गए तो इतने गंभीर मैटर में भी कांतिलाल कोथिम्बीर ने उनकी सिर्फ एनसी दर्ज की। 

बलबीरसिंह लाम्बा उर्फ़ गिन्नी मुलुंड कालोनी, मुलुंड (पश्चिम) में रहता है। पहले वह दूध बेचता था। टपोरीगीरी करता था। छोटी-मोटी चोरियां करता था। सब्ज़ीवालों, फेरीवालों से हफ्ता लेता था। भारतीय जनता पार्टी के दिवंगत विधायक सरदार तारा सिंह (Late MLA Sardar Tara Singh) का शागिर्द बनते ही बड़ा क्रिमिनल बन गया। बड़ी-बड़ी वारदात करने लगा। फरवरी 2011 में मुलुंड पुलिस ने गिन्नी, उसके भाई गोल्डी और पिता बलदेवसिंह ज्ञानसिंह को गिरफ्तार किया था। गिन्नी ने विनय शर्मा से तीन लाख रुपये उधार लिए थे। शर्मा ने रुपये वापस मांगे तो गिन्नी ने उन्हें घर पर बुलाया और तीनों ने उनकी बुरी तरह पिटाई कर दी थी।  

भाजपा सांसद मनोज कोटक के साथ गिन्नी। नया गॉडफादर बनाने की तैयारी।

गिन्नी पुलिस अधिकारियों और भाजपा नेताओं के साथ फोटो खिंचाकर सबको डराता है। महिलाओं से छेड़खानी करता है। वर्तमान वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक कांतिलाल कोथिम्बीर तो पहले से ही बदनाम हैं। कांतिलाल कोथिम्बीर का साथ पाकर तो गिन्नी मुलुंड में कुछ भी करने लगा है। गिन्नी को तीन बार तड़ीपार करने का आदेश हुआ है।

4.5 4 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments